चंडीगढ़। सेक्टर-37सी स्थित मकान नंबर 2106 में वीरवार दोपहर बाद लगभग तीन बजे अचानक आग लग गई। आग से घर की छत पर रखा काफी सामान जल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। सेक्टर-38 फायर स्टेशन ऑफिसर जगतार सिंह ने बताया कि मकान लंबे समय से बंद था। छत पर बड़ी मात्रा में कबाड़ जमा था। शॉर्ट सर्किट के कारण आग तेजी से फैली और छत पर रखे सामान के साथ-साथ पानी की टंकी भी जल गई।
दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को और फैलने से रोक लिया गया, जिससे घर के निचले हिस्सों और आसपास के घरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचने में दमकल विभाग को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा क्योंकि गलियां तंग होने के कारण वाटर टेंडर घर तक नहीं पहुंच पाया। दमकल विभाग की बुलेट मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।