चंडीगढ़। सेक्टर-8/9 की डिवाइडिंग रोड पर शनिवार देर शाम चलती कार में आग लग गई। गाड़ी में सवार पिता-पुत्र बाल-बाल बचे। इसकी सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के रहने वाले अंशुल बजाज अपने बेटे वंश बजाज के साथ शनिवार को किसी काम से चंडीगढ़ आए थे। शाम को जब वे अपनी कार से सेक्टर-8/9 की डिवाइडिंग रोड से सुखना लेक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान क्लच ने काम करना बंद कर दिया। डिजिटल इंजन में लिखा आया कि गाड़ी को सर्विस कराने की जरूरत है। कुछ सेकेंड बाद ही वंश ने पिता को बताया कि बोनट से धुआं निकल रहा है। अंशुल ने गाड़ी को रोका। गाड़ी रुकते ही आग की लपटें तेज हो गईं। पिता-पुत्र ने गाड़ी से जरूरी सामान निकाल दूर हो गए। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। एक मिनट में ही आग की लपटें और ऊंची हो गईं। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाया मगर तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।