जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी में एक मकान की दूसरी मंजिल पर शाम करीब साढ़े पांच बजे आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घर में रखे तीन सिलिंडर आग की चपेट में आने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मकान मालिक किमी कपूर ने बताया कि आग फ्रिज में खराबी के कारण लगी। आग से फ्रिज, पंखे, बिस्तर, सोफे, कंप्यूटर, जेवरात और नकदी सहित अन्य कीमती सामान नष्ट हो गया। दमकल विभाग के निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि टीम ने सिलिंडरों को बाहर निकाला और आग बुझाई। उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया।