चंडीगढ़। सेक्टर-20 स्थित आजाद मार्केट में शनिवार देर रात बूथ नंबर 207 में अचानक आग लग गई। बूथ से उठती तेज लपटें और धुआं देखकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फायर ऑफिसर गुलशन कालरा ने अपनी टीम के साथ आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरोड़ा फ्रेम नाम से चल रही दुकान को मालिक अभी बंद कर घर के लिए निकले ही थे कि अचानक आग भड़क उठी। समय रहते दमकल दल पहुंच गया वरना आग आसपास के बूथों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। राहत कार्य में सेक्टर-17 फायर स्टेशन की एक गाड़ी भी पहुंची। फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। वहीं, दुकान में हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। संवाद