पैरलल रनवे के निर्माण तथा वर्तमान रनवे की रीकारपेटिंग के लिए चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट 12 से 26 फरवरी तक बंद किए जाने के मद्देनजर चंडीगढ़ - दिल्ली के बीच अतिरिक्त शताब्दी एक्सप्रेस चलाई जा सकती है। हाईकोर्ट ने रेलवे को इसकी संभावना तलाशने के आदेश दिए हैं।
याचिकाकर्ता मोहाली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि फरवरी में जब दो सप्ताह के लिए एयरपोर्ट पूरी तरह से बंद हो जाएगा तो यात्रियों को काफी परेशानी होगी। उनकी तरफ से सुझाव दिया गया कि उड़ान का विकल्प जरूर होना चाहिए ताकि यात्री दिल्ली से फ्लाइट ले सकें।
याची ने कहा कि दिल्ली तक जाने के लिए शताब्दी एक्सप्रेस बेहतर जरिया है। ऐसे में हाई कोर्ट ने अब इस मामले में भारतीय रेलवे को भी पक्ष बनाते हुए पूछा है कि क्या इन दो सप्ताह में अतिरिक्त शताब्दी एक्सप्रेस चलाने या शताब्दी एक्सप्रेस में अतरिक्त कोच जोड़े जा सकते हैं या नहीं। इस नोटिस पर रेलवे को 20 दिसंबर को जवाब देना होगा।
दो जज कर चुके हैं एयरपोर्ट का दौरा
कोर्ट ने अगली सुनवाई पर एयरपोर्ट की रीकार्पेटिंग का कितना काम हो चुका है और कितना बचा है इसकी पूरी जानकारी स्टेटस रिपोर्ट के जरिये कोर्ट को दिए जाने के आदेश दिए हैं।
पिछली सुनवाई पर हाईकोर्ट ने कहा था कि अब खंडपीठ के दोनों जज खुद एयरपोर्ट के पैरलल रनवे के निर्माण कार्य का खुद जायजा लेने एयरपोर्ट जाएंगे। इसी के तहत खंडपीठ के दोनों जज जस्टिस एके मित्तल और जस्टिस अमित रावल ने 7 दिसंबर को एयरपोर्ट का दौरा भी किया।
अभी रोजाना शाम चार से पांच बजे तक बंद रहता है एयरपोर्ट
गौरतलब है की, एयरपोर्ट में पेरेलल रनवे के निर्माण कार्य के चलते एयरपोर्ट प्रतिदिन शाम 4 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहता है और फिर फरवरी माह में पूरे दो सप्ताह एयरपोर्ट को पूरी तरह से बंद किया जाना है।