चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी हर हाल में फाइनल ईयर के छात्रों की परीक्षा करवाएगा। इसलिए विद्यार्थियों को प्रमोट का इंतजार न कर पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। गृह मंत्रालय, एमएचआरडी और यूजीसी ने इसको हरी झंडी दी है। ऐसे में पीयू को पूरा सपोर्ट है। परीक्षाएं कैसे करानी हैं इसकी योजनाएं बन रही हैं। प्लान ए, बी और सी तैयार हो रहा है। यदि सितंबर में कोरोना के केस और बढ़ेंगे तो पीयू उसी के अनुसार अपने प्लान परीक्षा को लेकर लांच करता रहेगा ताकि परीक्षा भी हो जाए और छात्र भी सुरक्षित रहें।
सूत्रों का कहना है कि पीयू के कई अधिकारियों के पास छात्रों के मेल पहुंचे हैं। उन्होंने सभी मेल का विश्लेषण किया और तर्क ढूंढे। सभी छात्रों ने यही कहा है कि कोरोना से जान को खतरा होगा। ऐसे में पीयू प्रशासन ने भी साफ कहा है कि वह छात्रों को परेशानी में नहीं डालेगा। प्लान ऐसा तैयार होगा जिससे परीक्षा भी होगी और छात्र भी सुरक्षित रहेंगे। पीयू ने छात्रों से कहा है कि वह परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। यह न सोचें कि उन्हें प्रमोट किया जाएगा। क्योंकि पीयू यूजीसी की गाइड लाइन का इंतजार कर रहा था जो पूरी हुई और गाइड लाइन का ही पीयू पालन करेगा। परीक्षा की अवधि, परीक्षा केंद्र का निर्धारण, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, फ्लाइंग स्क्वाइड की तैनाती आदि की तैयारी में पीयू जुटा है।