पंचकूला। सेक्टर-12ए डिवाइडिंग रोड पर वीरवार शाम एक बाइक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। राहगीरों ने तुरंत घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से एक युवक सोनू (उम्र करीब 20 वर्ष) की हालत गंभीर देख उसे अलकेमिस्ट अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। हादसे का शिकार हुए दोनों युवक महेशपुर के रहने वाले हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों वाहन बाइक और पिकअप को कब्जे में लेकर सेक्टर-14 थाना परिसर में रखवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत एकत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।