पंजाब यूनिवर्सिटी में विभिन्न कोर्स की फीस में अब बीच सत्र में इजाफा नहीं किया जाएगा। बढ़ी हुई फीस की जानकारी अब नए सत्र से पहले ही विद्यार्थियों को हैंड बुक में मिलेगी।
पीयू प्रशासन ने आगामी सत्र के लिए नए फीस स्ट्रक्चर की तैयारी शुरू कर दी है। 2014-सत्र के लिए तैयार होने वाली पीयू हैंडबुक में नया फीस स्ट्रक्चर होगा।
इस संबंध में आगामी बोर्ड ऑफ फाइनेंस और फिर सिंडीकेट की बैठक में फैसला लिया जा सकता है। पंजाब यूनिवर्सिटी बोर्ड ऑफ फाइनेंस की 6 फरवरी को होने वाली बैठक में पीयू के रेगुलर और पत्राचार विभागों की फीस में 10 से 20 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव लाया जाएगा।
उधर, सेल्फ फाइनेंस कोर्स की फीस में 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। नवंबर 2013 में पीयू प्रशासन ने सत्र के बीच में फीस बढ़ाने का फैसला लिया था, लेकिन छात्र संगठनों के कड़े विरोध के बाद पीयू प्रशासन बैकफुट पर आ गया।
अब प्रशासन नए सत्र से पहले ही हैंडबुक के माध्यम से नए फीस स्ट्रक्चर की जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध करा देगा। फीस की जानकारी पीयू की वेबसाइट पर भी जारी की जा सकती है।
किस संकाय में कितनी फीस बढ़ोतरी की संभावना
बीई केमिकल इंजीनियरिंग------------6000
एलएलबी----------------------------2300
बी फार्मासी------------------------3500
सोशियालॉजी------------------------1837
बीई (एमबीए)------------------------22,000
बीई(यूआईईटी)----------------------------14,000
आर्ट्स संकाय----------------------------2000
एमसीए----------------------------20,000
फिजिक्स इलेक्ट्रोनिक्स-------------------10,000
पीयू हॉस्टल में रहना पड़ेगा महंगा
पीयू प्रशासन की ओर से हास्टल फीस में भी इजाफे की तैयारी है। फीस बढ़ाने को लेकर डीएसडब्ल्यू की अध्यक्षता में हुई बैठक में कमेटी ने अपनी मुहर लगा दी है।
जल्द ही इस बारे में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा। एडमिशन चार्ज को 7000 से 8500, सिक्योरिटी चार्ज 3000 से 4000, कॉमन रूम 50 से 70 और बिजली चार्ज 170 से 250 रुपये किए जाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। नए चार्ज आगामी सत्र से लागू होंगे।
हॉस्टल में 46 इंच स्क्रीन पर क्रिकेट मैच
पीयू हास्टल में अब क्रिकेट मैच का नजारा ओर बेहतर तरीके से देखने को मिलेगा। हास्टलर के आग्रह पर पीयू प्रशासन ने सभी 14 ब्वॉयज और गर्ल्स हास्टल में 46 इंच के लैड टीवी लगाने का फैसला लिया है।
फरवरी अंत तक सभी हास्टल में नए टीवी इंस्टॉल कर दिए जाएंगे। अभी तक पीयू के चंद हास्टल में ही लैड टीवी की सुविधा थी। सभी नए टीवी कॉमन हास्टल के कॉमन रुम में रखे जाएंगे। उधर स्टूडेंट काउंसिल की ओर से सभी कॉमन रुम में एसी लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।