हरियाणा-पंजाब सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात।
- फोटो : अमर उजाला
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली जा रहे पंजाब के हजारों किसान अभी भी हरियाणा-पंजाब सीमा के पास टोहाना क्षेत्र में रूके हुए हैं। कड़कड़ाती ठंड में रात को ये किसान सड़क पर ही गद्दे डालकर सोये। चंडीगढ़ रोड को पुलिस ने वन-वे कर दिया है और वहां पर क्रेन लगाकर रास्ते को रोक दिया गया है।
वहीं, रतिया क्षेत्र से किसान नेता मंदीप नथवान के कुछ साथी किसान रात 12 बजे बाद दिल्ली की ओर रवाना हुए। मगर इन सभी को गांव भोडा होशनाक के पास पुलिस ने रोक लिया। यहां पर अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए हैं। किसानों को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। किसानों ने वहीं रूककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रतिया के बाह्मणवाला से नौ किलोमीटर पहले इकट्ठे हो रहे किसान
वहीं, रतिया के बाह्मणवाला सीमा से नौ किलोमीटर पहले पंजाब के इलाके में वहां के किसान जुट रहे हैं। यहां से हजारों की संख्या में किसानों के हरियाणा की सीमा में प्रवेश कर आगे बढ़ने की योजना बनाई जा रही है। वहीं, हरियाणा पुलिस भी सीमा पर पूरे दलबल के साथ तैनात है। मौके पर डीएसपी, थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौजूद हैं।
करीब 200 गाड़ियां फंसी
गुजरात, राजस्थान राजस्थान व अन्य राज्यो से पंजाब के जीरकपुर और चंडीगढ़ जाने वाली करीब 200 गाड़िया टोहाना में फंस गई है, क्योंकि चंडीगढ़ रोड पर किसानों ने धरना दिया हुआ है।