चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के एक दिन पहले किसानों के ट्यूबवेलों को दिन में बिजली सप्लाई देने के फैसले के बाद ऊर्जा विभाग ने बिजली सप्लाई का शेड्यूल बना दिया है। ऊर्जा विभाग ने कुल 19 सर्कलों के दो ग्रुप बनाए हैं। इनमें से सात सर्कल करनाल, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, सोनीपत और जींद में सुबह पांच बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक बिजली दी जाएगी और शेष सर्कलों में सुबह 10 बजे से लेकर शाम छह बजे बिजली मिलेगी। सीएम मनोहर लाल ने बताया कि इस फैसले से किसानों की कठिनाई कम होगी और किसान दिन के वक्त अपने खेतों को पानी दे सकेंगे। बिजली आपूर्ति का यह शेड्यूल 31 जनवरी तक जारी रहेगा। 31 जनवरी के बाद इसकी पुनः समीक्षा की जाएगी और यदि आवश्यकता हुई तो इसे आगे भी बढ़ाया जाएगा।