अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सभी फसलों पर एमएसपी मिलने से खुश किसानों ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम नायब सैनी का आभार जताया है। उन्होंने सीएम से कहा कि हम आपके साथ हैं। सीएम ने सभी का स्वागत कर कहा कि हरियाणा के अन्नदाता हमारे लिए भगवान हैं।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा किसान हितैषी कोई नहीं है। कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों का अपमान करने वाली पार्टी है। हमारे किसान अब दो-दो रुपये का चेक देने वाले व जमीन लूट कर बिल्डरों को सौंपने वाले हुड्डा पिता-पुत्र और सीएलयू गैंग के झांसे में नहीं आने वाले हैं।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ फैलाया कि भाजपा एमएसपी खत्म कर देगी, लेकिन हमारी सरकार ने लगातार एमएसपी बढ़ाकर फसलें खरीदी हैं। 10 वर्षों में हरियाणा की भाजपा सरकार ने 50 लाख 65 हजार 264 मीट्रिक टन एमएसपी पर खरीद की है। हरियाणा के अंदर 10 सालों में 33 लाख 52 हजार मीट्रिक टन सरसों एमएसपी पर खरीदी गई है। हमारी सरकार ने 96 हजार 232 मीट्रिक टन बाजरा एमएसपी पर खरीदा है।