चंडीगढ़। शहर में फैंसी नंबर खरीदने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) ने नई सीरीज सीएच01-सीएल के फैंसी नंबरों की ई-नीलामी की। इसमें 0001 नंबर आरक्षित मूल्य 50 हजार रुपये से करीब 27 गुना ज्यादा 13 लाख 58 हजार रुपये में बिका। इसे चंडीगढ़ के बिजनेसमैन गौरव ग्रोवर ने खरीदा है।
आरएलए इन नीलामी में 423 फैंसी नंबरों की बेचने में सफल रहा है। इनसे आरएलए को कुल 1 करोड़ 55 लाख रुपये की कमाई हुई है। नीलामी में 0001 नंबर के अलावा 0007 नंबर आरक्षित मूल्य 30 हजार के मुकाबले 6.40 लाख रुपये में नीलाम हुआ है। साथ ही 0009 नंबर 6.03 लाख, 0008 नंबर 4.11 लाख, 0005 नंबर 5.32 लाख, 0002 नंबर 3.72 लाख, 0003 नंबर 3.07 लाख, 0004 नंबर 2.72 लाख, 1111 नंबर 2.51 लाख और 0006 नंबर 2.02 लाख में नीलाम हुआ। विभाग पुरानी सीरीज के बाकी बचे कई नंबरों की भी ऑक्शन करने में सफल रहा है, जिसमें सीएच01सीके, सीएच01सीजे, सीएच01-सीएच, सीएच01-सीजी, सीएच-01सीएफ, सीएच01-सीई, सीएच01-सीडी, सीएच01-सीसी, सीएच01-सीबी, सीएच01-सीए, सीएच01-बीजेड, सीएच01-बीवाई, सीएच01-बीएक्स, सीएच01-बीडब्ल्यू, सीएच01-बीवी, सीएच01-बीयू, सीएच01-बीटी और सीएच01-बीएस सीरीज के नंबर शामिल है।
जो नंबर बच गए, उनकी दोबारा होगी नीलामी
आरएलए के एक अधिकारी ने बताया कि फैंसी नंबरों की नई सीरीज के लिए उन्हें अच्छा रिस्पांस मिला है। अब जो नंबर रह गए हैं, उन्हें वह दोबारा नीलामी में रखा जाएगा। पिछली बार सीएच01-सीके सीरीज के नंबरों की नीलामी में भी विभाग को अच्छा रिस्पांस मिला था, जिससे विभाग को 1.56 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ था। इसमें सबसे अधिक 0001 नंबर 12.21 लाख रुपए में नीलाम हुआ था।
फैंसी नंबर नीलामी राशि
0001 13.58 लाख
0002 3.72 लाख
0003 3.07 लाख
0004 2.72 लाख
0005 5.32 लाख
0006 2.02 लाख
0007 6.40 लाख
0008 4.11 लाख
0009 6.03 लाख