फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: परिजनों ने उठाए सवाल, कहा-बेहद खुशमिजाज थी अनन्या, नहीं कर सकती आत्महत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। एमसीएम डीएवी कॉलेज सेक्टर-36 के आर्ट ब्लॉक की दूसरी मंजिल से गिरने से हुई 19 वर्षीय छात्रा अनन्या की मौत के मामले में परिवार ने सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि जब अनन्या नीचे गिरी तो उसके हाथ में मोबाइल फोन भी था, वहीं परिवार का कहना है कि अगर किसी को आत्महत्या करनी हो और वॉशरूम में जाकर कुर्सी रखकर खिड़की खोल कूदना हो तो इतना सब मोबाइल हाथ में पकड़कर कैसे और क्यों करेगा। परिवार ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।परिवार का कहना है कि अनन्या काफी खुशमिजाज थी और सुबह का नाश्ता कर पंजाबी का पेपर देने के लिए कॉलेज गई थी। वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। अंतिम संस्कार के बाद अनन्या के पिता मुकेश कुमार कॉलेज के प्राचार्य प्रिंसिपल से भी मिले और घटनास्थल को भी देखा। उन्होंने कुछ सवाल भी किए।
विज्ञापन

लुधियाना में कस्टम विभाग में कार्यरत अनन्या के पिता मुकेश कुमार ने बेटी के अंतिम संस्कार के बाद बातचीत में कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। वह बुधवार सुबह बिल्कुल खुश थी और पेपर देने गई थी। वह रोजाना लुधियाना से अप-डाउन करते हैं और बेटी से रोजाना मिलते हैं। वह कॉलेज के अलावा ज्यादा कहीं नहीं जाती थी। अनन्या की मां बात करने की हालत में नहीं थीं। जानकारी में पता चला है कि अनन्या कॉलेज में फर्स्ट ईयर से ही पढ़ाई कर रही थी।

कॉलेज की खिड़कियों में नहीं लगी है ग्रिल
कॉलेज के वॉशरूम की खिड़की पर कोई ग्रिल या लोहे की जाली नहीं लगी है। कॉलेज की प्राचार्य डा. निशा भार्गव के मुताबिक, कॉलेज भवन का डिजाइन ऐसा है कि वहां शीशे वाली खिड़कियां लगी हैं। इनमें से कुछ स्थायी रूप से बंद हैं तो कुछ खुल जाती हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के गलियारे में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। वहीं कॉलेज प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक कॉलेज में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के अलावा एक 360 डिग्री पर घूमने वाला सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है। हालांकि घटनास्थल के पास पेड़ों के चलते घटना कैमरे में कैद नहीं हो पाई।
विज्ञापन


अंतिम संस्कार में शरीक नहीं हो सका कॉलेज स्टाफ
प्राचार्य का कहना है कि उनकी ओर से वीरवार सुबह स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी कि पता करें कि अनन्या का अंतिम संस्कार कितने बजे है। वहीं, परिवार की ओर से जानकारी मिली थी कि वीरवार को पोस्टमार्टम होगा, उसके बाद बता देंगे कि अंतिम संस्कार कब और कहां होगा। एक-दो बार पता करने पर पता चला कि पीजीआई में पोस्टमार्टम चल रहा है। इसके बाद अचानक पता चला कि अंतिम संस्कार कर दिया गया है। प्राचार्य के मुताबिक कॉलेज द्वारा मृतका के परिवार को एक सांत्वना नोट भेजा गया था।


चैट, तस्वीरें आदि की जानकारी जुटाएंगे
सेक्टर-36 थाना पुलिस के मुताबिक, मृतका के मोबाइल की फोरेंसिक रिपोर्ट आने में कुछ वक्त लग जाएगा। इसमें कांटेक्ट, चैट और तस्वीरें पुलिस जांच का हिस्सा बन सकती हैं। वहीं पता चला है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट शनिवार तक आ सकती है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने पर पुलिस ने सीआरपीसी 174 की कार्रवाई ही की है। अनन्या ने एयर होस्टेस का कोर्स भी किया था और पढ़ाई के साथ ही पीसीएस की भी तैयारी कर रही थी। बीते 24 मार्च को ही उसने अपना जन्मदिन मनाया था। उसकी एक बहन 12वीं की स्टूडेंट है और भाई आठवीं में पढ़ता है।

चचेरे भाई को शाम को पता चला
खरड़ में रहने वाले अनन्या के चचेरे भाई सन्नी ने बताया कि उनकी एक दोस्त एमसीएम डीएवी-36 में पढ़ती है और हॉस्टल में रहती है। उन दोनों को मिलना था। उसकी फ्रेंड ने उसे बताया था कि कॉलेज में एक दुर्घटना हो गई है। बाद में शाम को लगभग साढ़े बजे उसे पता लगा कि उसकी बहन के ही साथ यह हादसा हुआ है। सन्नी ने बताया कि उन सब का कसौली जाने का प्लान था मगर उससे पहले यह सब हो गया। कॉलेज में अनन्या की एक मित्र ने बताया कि वह काफी खुशमिजाज और मिलनसार थी। इस घटना के बाद से कॉलेज में कई लड़कियां सहमी हुईं हैं। बता दें कि कॉलेज के ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर परीक्षा से लगभग डेढ़ घंटा पहले यह हादसा हुआ था। अनन्या जब नीचे गिरी तो उसके नाक से खून बह रहा था। फर्स्ट एड देकर उसे पीजीआई भेज दिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें