चंडीगढ़। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर लिंक भेजकर बुजुर्ग के बैंक खाते से 3 लाख 10 हजार रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। सेक्टर-17 के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मनदीप सिंह रियो (62) निवासी सेक्टर-18 ने बताया कि 20 अगस्त को उनका चेकअप सेक्टर-19 डिस्पेंसरी में होना था। उन्होंने गूगल पर डिस्पेंसरी का नंबर खोजा। संपर्क करें सेक्शन में मिला नंबर उन्होंने डायल किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। थोड़ी देर बाद एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को डिस्पेंसरी का अधिकारी बताते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की पेशकश की। उसने लिंक भेजा और जानकारी भरने को कहा।
शिकायतकर्ता ने नाम और राशि वाले कॉलम भर दिए लेकिन शक होने पर कॉल काट दिया। बावजूद इसके, ठग लगातार फोन करते रहे। 23 अगस्त को जब मनदीप सिंह ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मोबाइल एप खोला तो वे हैरान रह गए। खाते से 12 ट्रांजेक्शन के जरिए 3,10,933 रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई है, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।