चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बार काउंसिल ऑफ पंजाब-हरियाणा में फर्जी दस्तावेज पर रजिस्ट्रेशन करवाने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सेक्टर-37 स्थित बार काउंसिल ऑफ पंजाब-हरियाणा के मलकीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि अमृतसर के न्यू रोज एवेन्यू निवासी जय करणजीत सिंह ने वकालत के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। उसने अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र में नोएडा स्थित नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ ओपन स्कूल से 12वीं का सर्टिफिकेट और मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री जमा करवाई थी। इसके बाद जय करणजीत सिंह का नाम वकील के रूप में दर्ज कर लिया गया। बार काउंसिल ने जब जय करणजीत सिंह के सर्टिफिकेट चेक करवाए तो 12वीं का सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया। काउंसिल ने जय करणजीत सिह को बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद उसने दोबारा सर्टिफिकेट समेत अन्य कागजात जमा करवाए। काउंसिल की ओर से 12वीं का सर्टिफिकेट दोबारा जांच के लिए भेजा गया। इसमें पता चला कि नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ ओपन स्कूल नोएडा की ओर से 31 अगस्त 2020 और 16 सितंबर 2020 के माध्यम कोई सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया। इसके बाद काउंसिल की ओर से मलकीत सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अमृतसर के न्यू रोज एवेन्यू निवासी जय करणजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।