अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। संजीव अरोड़ा ने शुक्रवार को पंजाब सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन व प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। अरोड़ा ने कहा कि लुधियाना में जल्द ही एग्जीबिशन सेंटर खोला जाएगा, जिससे उद्योगपतियों की बड़ी मांग पूरी होगी। इससे उन्हें अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
अरोड़ा ने कहा कि साथ ही ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि उद्योगपतियों को किसी भी तरह की मंजूरी लेने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। जिन उद्योगों में रोजगार के अधिक अवसर हैं, उनको बढ़ावा देंगे। ऐसे उद्योगों को विशेष ग्रांट देने पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम किसी भी राज्य से बाहर पलायन नहीं करते हैं। सिर्फ बड़े उद्योग अपनी सुविधा के अनुरूप से दूसरे राज्यों का रुख करते हैं। पंजाब से किसी भी उद्योग को पलायन नहीं करने दिया जाएगा। उद्योगपतियों के लिए जल्द ही एग्जीबिशन सेंटर खोला जाएगा। मंत्री तरुणप्रीत सौंद ने जो औद्योगिक नीतियां शुरू की हैं, उनको आगे भी जारी रखेंगे।
साथ ही अरोड़ा ने एनआरआई विभाग की मंगलवार को बैठक भी बुलाई है, ताकि एनआरआई की अब तक किस तरह की शिकायतें आई हैं, उस संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सके। इस अवसर पर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, हरदीप सिंह मुंडियां, डॉ. बलजीत कौर, गुरमीत सिंह खुड्डियां और लालजीत सिंह भुल्लर भी मौजूद थे।