चंडीगढ़। त्योहारी सीजन में शहर में शराब की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के मकसद से आबकारी एवं कराधान विभाग ने कसरत तेज कर दी है। आयातित विदेशी शराब, भारत में निर्मित विदेशी शराब और देशी शराब (आईएफएल, आईएमएफएल और सीएल) की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने और उत्पाद शुल्क सहित कर चोरी को रोकने के लिए उत्पाद शुल्क और कराधान विभाग की एक प्रवर्तन टीम ने पिछले दिनों शहर में अभियान छेड़ा। इस दौरान सेक्टर 7, सेक्टर-17, सेक्टर 33 और औद्योगिक क्षेत्र चरण- 2 में स्थित शराब की दुकानों पर निरीक्षण किया गया, जिसमें आईएफएल, एमएफएल और सीएल के विभिन्न ब्रांडों की कुल 757 बोतलें बिना वैध पास और परमिट के पाई गईं।
निरीक्षण टीम ने बरामद अवैध शराब को जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने डिफॉल्टर लाइसेंसधारकों के खिलाफ उत्पाद शुल्क कानून के उल्लंघन के तहत मामले शुरू कर दिए हैं। सूचना साझा करने और नियमित समन्वय बैठकों के माध्यम से शराब की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग चंडीगढ़ पुलिस के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। आबकारी विभाग का कहना है कि ऐसी अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।