चंडीगढ़ के सेक्टर 27 के स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के 114 सरकारी स्कूलों में सोमवार से नौवीं और ग्यारहवीं की ऑफलाइन परीक्षाएं शुरू हो गई। कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कोविड के सभी नियमों का पालन किया गया। विद्यार्थियों के लिए स्कूल के प्रवेश द्वार पर ही हैंड सैनिटाइजर रखे गए। तापमान जांच करने के बाद विद्यार्थियों को स्कूल में प्रवेश करने दिया।
प्रवेश द्वार पर निगरानी के लिए स्कूल अध्यापक की भी ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा के लिए पौने 9 बजे ही विद्यार्थी स्कूल पहुंचने लगे थे। सवा 9 बजे विद्यार्थियों को पेपर दिया गया। सवा नौ से साढ़े 9 बजे तक उन्हें पेपर पढ़ने के लिए समय दिया गया था। साढ़े 9 बजे से लेकर साढ़े 12 बजे तक विद्यार्थी को पेपर हल करना था। परीक्षाएं 31 मार्च तक चलेंगी।
शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि विद्यार्थियों को कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा। बिना मास्क के विद्यार्थी को स्कूल में परीक्षा के लिए अनुमति नहीं मिलेगी। साथ ही मोबाइल लाने की मनाही रहेगी। विद्यार्थियों को स्कूल वर्दी में परीक्षा के लिए आना है। अगर परीक्षा के बीच किसी दिन सरकारी छुट्टी आती है तो उस विषय का पेपर अंत में आयोजित किया जाएगा। स्कूलों में परीक्षा के लिए एक कमरे में 12 विद्यार्थियों को बैठाने के निर्देश हैं।
क्लस्टर हेड करेंगे परीक्षा प्रणाली की देखरेख
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कलस्टर प्रमुख उनके अंतर्गत आने वाले स्कूलों में परीक्षा प्रणाली और व्यवस्था की देखरेख करेंगे। स्कूल प्रमुख सीबीएसई और केंद्र की ओर से जारी स्कूलों के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। स्कूल प्रमुख विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड भेजेंगे और परीक्षा के बाद परिणाम को डीईओ दफ्तर को जमा कराएंगे।