चंडीगढ़। पीजीआई नर्सिंग ऑफिसर सतपाल कौर कोरोना एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के कोरोना वार्ड में 7 दिनों तक लगातार पॉजिटिव मरीजों के बीच ड्यूटी कर अपना क्वारंटीन पीरियड को पूरा कर रही हैं। इस दौरान उनके ससुराली अपनी कोरोना वीर बहू के घर वापस लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। घर में उनका 7 साल का बेटा हरगुन सिंह अपनी मां के घर लौटने की राह देख रहा है। उसका कहना है कि मैं वाहेगुरु जी से अपनी मां के साथ कोरोना के मरीजों की सलामती के लिए भी प्रार्थना करता हूं। बहुत जल्द पूरी दुनिया से कोरोना का नामोनिशान मिट जाएगा।
बॉक्स
घर में भी सब सुरक्षित रहे.. इसलिए सबसे हूं दूर
पीजीआई के कोरोना वार्ड में 7 दिनों तक लगातार ड्यूटी करने के बाद सतपाल कौर पिछले 2 दिनों से क्वांरटीन में हैं। सतपाल ने बताया कि उनके घर में उनके पति हरभजन सिंह और बेटे के अलावा उनके साथ सास ससुर और देवर का परिवार भी एक साथ एक ही घर में रहता है। ऐसे में उन्होंने कोरोना वार्ड में ड्यूटी करने के बाद अचानक से घर जाना उचित नहीं समझा। इसलिए उन्होंने 14 दिनों तक घरवालों से दूर रहने का निर्णय लिया ताकि उनका घर परिवार भी कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित रहे।
फर्ज के आगे सारे दर्द हो गए दूर
सतपाल ने बताया कि उन्हें थायराइड के साथ महिलाओं से जुड़ी कुछ अन्य स्वास्थ्य समस्या भी हैं। इस कारण उन्हें बहुत परेशानी उठानी पड़ती है । लेकिन कोरोना वार्ड में ड्यूटी लगने की सूचना मिलने पर उन्होंने उस समस्या को दरकिनार कर अपने फर्ज को तवज्जो दिया। सतपाल का कहना है कि अगर इस समय भी हमने सिर्फ अपने लिए सोचा तो फिर वह अपने फर्ज और देश के प्रति बेईमानी होगी। इसलिए मैंने पूरी ईमानदारी से 7 दिनों की ड्यूटी के दौरान अपनी परेशानी को भूलकर कोरोना के मरीजों की देखभाल की।