हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा
- फोटो : file photo
हरियाणा सरकार प्रदेश में हर 10 किलोमीटर के दायरे में कम से कम एक कॉलेज खोलेगी। इसके लिए उच्चतर शिक्षा विभाग को मैपिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरु रविदास जयंती पर 10 फरवरी को एक साथ 13 जिलों में महिला कॉलेजों सहित 21 राजकीय कॉलेजों के भवनों की आधारशिला रखी थी। इनके निर्माण पर लगभग 276 करोड़ रुपये लागत आएगी और ये भवन दिव्यांग मैत्री होंगे।
प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि आईटी टूल्स का उपयोग कर एक ही स्थान से एक ही समय पर इतनी अधिक संख्या में कॉलेजों की आधारशिलाएं रखी गई हैं। इनके खुलने से समाज के सभी वर्गों के विद्यार्थियों को लाभ होगा और ये उच्च शिक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। सरकार युवाओं को गुणवत्तापरक उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, प्राइमरी शिक्षा प्रदान करने के साथ छोटे-छोटे कारोबार में कुशल बनाने के लिए नया रोड मैप तैयार कर रही है।
ताकि युवाओं के हुनर को तराश कर उन्हें रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मुहैया कराए जा सकें। सरकार लड़कियों की शिक्षा पर विशेष जोर दे रही है। गांव से लेकर लड़कियों के संस्थानों तक रोडवेज की बसें मुफ्त चलाई जा रही हैं। लड़कियों के लिए अनेक कॉलेज खुलने से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को बढ़ावा मिलेगा।