मनीमाजरा। शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में हेल्थ विभाग ने एक और अहम कदम उठाया है। सेक्टर-16 के जीएमएसएच में इवनिंग ओपीडी को मिल रहे बेहतर रिस्पॉन्स के बाद अब मनीमाजरा सिविल अस्पताल में भी जल्द यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से हेल्थ विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके चलते जल्द इवनिंग ओपीडी शुरू हो सकती है।
यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो आने वाले समय में मनीमाजरा के मरीजों को भी शाम के समय डॉक्टरों की सुविधा मिल सकेगी। इससे खासकर कामकाजी लोगों को काफी राहत मिलेगी, जो दिन के समय अस्पताल नहीं पहुंच पाते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इवनिंग ओपीडी शुरू होने से इमरजेंसी में आने वाले सामान्य मरीजों की संख्या में कमी आएगी और मरीजों को बेहतर व समय पर इलाज मिल सकेगा। फिलहाल इस सुविधा को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने की योजना है, जिसे भविष्य में और विस्तार दिया जा सकता है।
मनीमाजरा सिविल अस्पताल में स्पेशलिस्ट सेवाएं भी की गई शुरू
पिछले महीने ही मनीमाजरा सिविल अस्पताल में स्पेशलिस्ट सेवाएं शुरू की गई हैं। अब यहां मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स और गायनेकोलॉजी विभाग में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। पहले इन सेवाओं के अभाव में मरीजों को सेक्टर-16 और सेक्टर-32 स्थित बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था।
अस्पताल में 100 बेड की व्यवस्था है, जिसमें जनरल वार्ड, मेडिसिन और गायनी वार्ड शामिल हैं, जबकि इमरजेंसी के लिए 13 बेड आरक्षित हैं। यहां मनीमाजरा के अलावा पंचकूला, किशनगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।