चंडीगढ़ के सेक्टर-37 करोड़ों की कोठी कब्जाने के मामले में आरोपी पत्रकार संजीव महाजन पर शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार को एस्टेट ऑफिस और नगर निगम ने मिलकर सेक्टर-40 में संजीव महाजन के एक पारिवारिक सदस्य के नाम पर आवंटित मीट की दुकान को तोड़ दिया और सारा सामान जब्त कर लिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई के समय महाजन की पत्नी भी मौके पर मौजूद रहीं।
जानकारी के अनुसार, संजीव महाजन के परिवार के एक सदस्य के नाम पर एस्टेट ऑफिस की ओर से सेक्टर-40 के बाजार में जगह आवंटित की गई थी। यहां पर अस्थायी शेड बनाकर मीट की दुकान चलाई जा रही थी। नियमों के अनुसार, जगह जिसके नाम पर आवंटित की गई थी, उसी को यह दुकान चलाना था लेकिन संजीव महाजन के परिवार द्वारा यह दुकान आगे किसी को किराए पर दे दी गई थी।
एस्टेट ऑफिस को इस बात की सूचना मिली। इसके बाद नगर निगम के साथ मिलकर सोमवार को वह मौके पर गए। एस्टेट ऑफिस के कर्मचारियों ने पाया कि वहां नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिसके बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने दुकान के सामान को जब्त कर लिया और फिर एस्टेट ऑफिस के कर्मचारियों ने शेड को गिरा दिया।