संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शहर में गैंगस्टरों की दहशत लगातार बरकरार है। जेल में बैठकर भी गैंगस्टर अपना नेटवर्क चला रहे हैं। ऐसा ही एक मामला तहसीलपुरा इलाके में सामने आया है। जहां युवक शम्मी ने सैलून में घुसकर गन पॉइंट पर गुंडागर्दी करते हुए वीडियो कॉल पर जेल में बैठे गैंगस्टर जसवीर अनगढ़ के साथ बातचीत की और जेल में बैठकर ही गैंगस्टर जसवीर ने सैलून मालिक को धमकियां दी है।
ऋषि सभ्रवाल निवासी इंद्रजीत कॉलोनी 100 फीट रोड ने पुलिस को बताया कि वह ग्लैमर सैलून बैक साइड पिंगलवाड़ा तहसीलपुरा में कटिंग करवा रहा था। वहां पर तहसीलपुरा निवासी शम्मी आया और सैलून मालिक के साथ गाली-गलौज करने लगा। उसने शम्मी को कहा कि वह फोन पर अपने घर बात कर रहा है। इसलिए गाली-गलौज न करे। उस समय शम्मी वहां से चला गया। मगर कुछ देर बाद फिर अपने साथी शैली, शेरा और चार अज्ञात लोगों के साथ आया और उस पर पिस्तौल तानकर गोली मारने की धमकी दी। उसके साथ मारपीट की।
वीडियो कॉल कर जेल में बंद गैंगस्टर जसवीर सिंह से बात करवाई और धमकियां दी और गालियां दी। थाना रामबाग में शिकायत की गई है। पुलिस ने शम्मी, शैली, शेरा, जसबीर अनगढ़ और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।