सेक्टर-17 में फेस्टिवल सीजन में पर्यटकों और ग्राहकों को लुभाने के लिए निगम ने नया फंडा अपनाया है। सिटी का हार्ट कहलाने वाले इस सेक्टर को प्रमोट करने के लिए प्लाजा में 1 से 15 नवंबर तक कई तरह के झूले लगेंगे। साथ ही फन गेम्स की भी व्यवस्था रहेगी। नगर निगम ने इसके लिए टेंडर निकाल दिया है।
ऐसे में अब यहां पेरेंट्स के साथ आने वाले बच्चों के मनोरंजन की पूरी व्यवस्था होगी। यहां के व्यापारी लंबे समय से फेस्टिवल सीजन पर कुछ नया करने की मांग कर रहे थे, जिससे कि उनका कारोबार बढ़ सके। व्यापारियों का कहना था कि जब से एलांते मॉल खुला है तब से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, जबकि प्लाजा में कोई सुधार नहीं हो रहा।
इसलिए खास है सेक्टर-17
मालूम हो कि जब भी दूसरे राज्यों और विदेश से कोई पर्यटक आते हैं, तो वह प्लाजा और सुखना लेक जरूर जाते हैं। प्लाजा में सभी ब्राडेंड शोरूम हैं।
पहली बार कमिश्नर ने लिया इस तरह का निर्णय
ऐसा पहली बार हुआ है जब प्लाजा में झूले लगाने का निर्णय कमिश्नर भावना गर्ग ने अपने स्तर पर लिया, जबकि इससे पहले इस तरह के फैसले आर्ट एंड कल्चर कमेटी एवं अन्य कमेटियों में लिए जाते रहे हैं। प्रशासन ने हाल ही में कमिश्नर को 25 लाख रुपये तक के काम का अपने स्तर पर निर्णय लेने का अधिकार दिया था, जबकि कमेटियों के पास 15 लाख रुपये तक ही प्रस्ताव पास करने का अधिकार है।
सेक्टर-17 को प्रमोट करने के लिए प्लाजा में झूले लगाने का निर्णय लिया गया है। अलग-अलग तरह की फन गेम्स लगाने का टेंडर निकाला गया है। टेंडर 26 अक्तूबर को खोला जाएगा।
- भावना गर्ग, निगम कमिश्नर
जबसे मॉल कल्चर बढ़ा है तबसे सेक्टर-17 के कारोबार पर असर पड़ा है। प्रशासन और नगर निगम से कई बार सेक्टर-17 को प्रमोट करने की मांग की गई। फेस्टिवल सीजन में अगर कुछ नया होता है तो इससे व्यापारियों के साथ-साथ प्रशासन को भी फायदा है।
- चरणजीव सिंह, अध्यक्ष, व्यापार मंडल
यह खुशी की बात है कि निगम सेक्टर-17 के प्लाजा को प्रमोट करना चाहता है।इस समय इंपायर स्टोर की सेमी ऑटो पार्किंग बिना ठेकेदार के चल रही है। इसे भी फेस्टिवल सीजन में व्यवस्थित तरीके से चलाने के बारे में सोचना चाहिए।
- जेपीएस कालरा, महासचिव, ट्रेडर्स एसोसिएशन