संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और सड़कों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। जीएमडीए की ओर से इसके लिए कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मानेसर के कई सेक्टरों में सड़क किनारे और फुटपाथ पर लोगों ने अलग-अलग तरह से अतिक्रमण कर रखा है। कहीं सामान रखा हुआ है तो कहीं अस्थायी दुकानें और अन्य निर्माण किए गए हैं। इससे लोगों को पैदल चलने में परेशानी होती है और सड़क पर भी यातायात प्रभावित होता है। जीएमडीए की टीम ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण की पहचान करेगी। इसके बाद इन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण से मुक्त कराने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। अतिक्रमण हटने के बाद लोगों को फुटपाथ पर चलने के लिए जगह मिलेगी। साथ ही ग्रीन बेल्ट का भी सही तरीके से इस्तेमाल हो सकेगा और सड़कों पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।