चंडीगढ़। मांगों के समर्थन में को-ऑर्डिनेशन कमेटी के बैनर तले कर्मचारी यूटी सचिवालय का वीरवार को घेराव करेंगे। कमेटी के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कमेटी से संबंधित सभी यूनियनों की बैठक के साथ सभी विभागों में गेट मीटिंग की गई। इस संबंध में को-ऑर्डिनेशन कमेटी से संबंधित चंडीगढ़ के अलग-अलग विभागों की 40 यूनियन के प्रधान और महासचिवों की बैठक भी हुई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा की गई वादा खिलाफी के विरोध में 22 फरवरी को किए जाने वाले चंडीगढ़ सचिवालय के घेराव संबंधित विचार-विमर्श किया गया। राकेश कुमार ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। प्रशासन के साथ को-ऑर्डिनेशन कमेटी की कई दौर की बैठकें हुईं, जिसमें चंडीगढ़ प्रशासन के आगे यूटी तथा नगर निगम मुलाजिमों की जायज मांगों को रखा गया। प्रशासन की की ओर से मांगे पूरी करने का वादा किया गया लेकिन न तो अब तक मांगें पूरी की गईं और न ही उस पर प्रशासन ने कोई जवाब दिया। इस कारण चंडीगढ़ के हजारों आउटसोर्स वर्करों में रोष है।