अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राजनीतिक दलों के चुनाव प्रचार में जुटने वाले सरकारी कर्मचारियों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिशा-निर्देश जारी कर आगाह किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव चिट्ठी लिखी है। साथ ही दिशा-निर्देशों को कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि पिछले चुनाव में सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। इसमें मतदाताओं को प्रभावित करने, राजनीतिक पक्षपात करने, राजनीतिक प्रचार में हिस्सा लेने, राजनीतिक पार्टियों से संबंध रखने या फिर राजनीतिक पार्टियों की गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें शामिल हैं। चिट्ठी में उन्होंने आगे कहा कि भले ही सरकारी कर्मचारी उस वक्त की सरकार के अंदर काम करते हैं, लेकिन चुनाव के दौरान उनसे निष्पक्ष कर्तव्य निभाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का पालन करने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी में कहा- राज्य के कर्मचारियों का ध्यान जनप्रतिनिधि अधिनियम खींचना चाहता हूं, ताकि वह निष्पक्ष व ईमानदारी से अपना काम करें।