चंडीगढ़। कर्फ्यू के दौरान डड्डूूमाजरा में इलेक्ट्रॉनिक, फोटो फ्रेम और बुक स्टेशनरी की दुकान खोलने पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मलोया थाना पुलिस ने दुकान संचालक विपिन कुमार, नरेंद्र कुमार और धर्मेंद्र के खिलाफ आईपीसी 188 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डड्डूमाजरा में कुछ दुकानें खुली हैं। सूचना पाकर मलोया थाना प्रभारी पलक गोयल टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। इस दौरान पुलिस ने पाया कि दिव्या फोटो फ्रेम, नरेंद्र इलेक्ट्रॉनिक और शर्मा बुक डिपो की दुकानों को खोल कर सामान बेचा जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों संचालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि कर्फ्यू के दौरान अगर कोई दुकानदार नियमों के उल्लंघन करते हुए पाया गया तो पुलिस उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इससे पहले सेक्टर 7 में स्टेशनरी की दुकान खुलने पर सेक्टर 26 थाना पुलिस ने उनके मालिक को गिरफ्तार किया था।