लोकसभा चुनाव निपटते ही पंजाब के उपभोक्ताओं को बिजली का झटका लगा है। पंजाब राज्य बिजली नियामक आयोग ने बिजली दरें बढ़ाने का एलान किया है। घरेलू बिजली दरों में 8 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा फिक्स्ड चार्ज में 10 रुपये प्रति किलोवाट बढ़ा दिया गया है। नई दरें एक जून 2019 से लागू होंगी।
आयोग ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि मई अंत में नई दरों का एलान कर दिया जाएगा। कमीशन ने वित्त वर्ष 2019-20 के लिए पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल की कुल राजस्व आवश्यकता का आकलन किया था। पीएसपीसीएल के लिए 32327.25 करोड़ की आवश्यकता है, जिनमें से 1329.60 करोड़ पीएसटीसीएल के लिए चाहिए। मौजूदा बिजली दरों से सिर्फ 31762.63 करोड़ ही प्राप्त हो सकते हैं।
बाकी 564.62 करोड़ के लिए औसतन 1.78 प्रतिशत दरें बढ़ाने की जरूरत थी। लेकिन आयोग ने नई दरें एक जून 2019 से लागू करने का फैसला किया है इसलिए 2.14 प्रतिशत औसत बढ़ोतरी की जरूरत पड़ेगी। तभी राजस्व घाटा पूरा किया जा सकता है। आयोग ने फिक्सड और एनर्जी चार्ज दोनों ही बढ़ाए हैं।