अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में उन लोगों के लिए अच्छी खबर है, जिनके घरों के ऊपर बिजली की तारें हैं। इन तारों को बिजली निगम अपने खर्च पर हटाएगा। हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि सार्वजनिक व व्यक्तिगत मांग की जा रही है कि स्कूलों व घरों के ऊपर से गुजरने वाली हाइटेंशन तारों को शिफ्ट किया जाए। इसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जाएगा। यहां पत्रकारों से बातचीत में बिजली मंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों को अब बिजली की एक्सप्रेस डिलीवरी मिलेगी। इसके तहत बिजली निगमों द्वारा उद्योगों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देना सुनिश्चित किया जाएगा।
बिजली मंत्री ने कहा कि ढाणियों व फार्म हाउसों में भी 24 घंटे बिजली दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में हरियाणा में बिजली की दरें नहीं बढ़ी हैं। प्रदेश की चारों निगम आज लाभांश की स्थिति में हैं। आम आदमी पार्टी द्वारा हरियाणा में बिजली आंदोलन पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। वास्तविकता है कि बिजली की उपलब्धता के चलते दिल्ली से उद्योग हरियाणा की ओर शिफ्ट कर रहे हैं। फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, मानेसर क्षेत्र बड़े औद्योगिक हब बन चुके हैं। इतना ही नहीं, पानीपत, झज्जर, बहादुरगढ़, करनाल तक व उसके आस-पास के क्षेत्र में ग्रुप हाउसिंग सोसायटी बन रही हैं और इनमें भी बिजली की मांग बढ़ रही है, जिसे हरियाणा पूरा कर रहा है।
हरियाणा में 11 जेलों के साथ लगती जमीन पर बनेंगे पेट्रोल पंप
चंडीगढ़। हरियाणा के जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र जेल के साथ लगती जमीन पर पेट्रोल पंप स्थापित करने के सफल प्रयोग के बाद अब सरकार ने प्रदेश की 11 और जेलों के साथ लगती जमीन पर पेट्रोल पंप स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान दे दी है। हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग सालासर बालाजी धाम मंदिर जाते हैं, इसे देखते हुए यह भी निर्णय लिया है कि हिसार, महेंद्रगढ़ व भिवानी जेल में कैदियों द्वारा सालासर बालाजी का प्रसाद बनाया जाएगा। जेल के बाहर से 30 प्रतिशत छूट पर यह प्रसाद दिया जाएगा। जेल मंत्री ने यह भी बताया कि भिवानी में नई जेल बनने के बाद अब चरखी दादरी, फतेहाबाद व रोहतक में नई जेल बनाई जाएंगी। अंबाला की सेंट्रल जेल को भी बाहर शिफ्ट किया जाएगा। बंदियों को खाने में सब्जी व दाल तथा मिठाई भी दी जाती है, पहले केवल दाल रोटी दी जाती थी।