खरड़। पावरकॉम एंड ट्रांसको ठेका कर्मचारी यूनियन पंजाब के बैनर तले कई परिवार बच्चों समेत खरड़ में कैबिनेट मंत्री अनमोल गगनमान का दफ्तर घेरने पहुंचे। इस दौरान धरना देने आए कर्मचारियों पर पुलिस ने बलप्रयोग किया। उन्हें लगभग चार घंटे तक विभिन्न थानों में बंदी बनाकर रखा गया।
बिजलीकर्मियों के धरने का असफल बनाने के लिए पुलिस ने कई जगह पहले से नाकाबंदी की हुई थी। पूरे पंजाब से आए बिजली कर्मियों को रास्ते में रोककर नजदीकी पुलिस स्टेशन ले जाया गया। खरड़ के दोनों पुलिस स्टेशनों के अलावा, कुराली, घड़ूआं, माजरी, सनेटा व मजात तक के पुलिस थानों व चौकी में इन बिजली कर्मियों व इनके परिवार के सदस्यों को जबरन बसों में भरकर ले जाया गया। लुधियाना की ओर से आ रहे बिजली कर्मियों व इनके परिवार के सदस्यों को टोल प्लाजा पर पुलिस ने जबरन कई घंटे तक रोके रखा। बिजलीकर्मी पुलिस का विरोध करते हुए टोल प्लाजा को पार करते हुए आगे आए और सड़क के बीचोंबीच बैठकर यातायात जाम कर दिया। मोरिंडा की ओर से आने वाला ट्रैफिक लगभग एक घंटे तक प्रभावित रहा।
ठेकाकर्मियों को नहीं किया जा रहा पक्का
राज्य प्रधान बलिहार सिंह, राज्य जनरल सचिव राजेश कुमार व वित्त सचिव चमकौर सिंह व सह सचिव अजय कुमार ने 24 जुलाई को बिजलीमंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने ठेका कर्मचारियों को रेगुलर करने से मना करने की निंदा की। सत्ता में आने से पहले आप ने चुनाव घोषणापत्र में वादा किया था कि ठेकाकर्मी पक्के होंगे पर अब आनाकानी की जा रही है। बिजली का काम करते समय कर्मचारी मौत के मुंह में जा रहे हैं परंतु उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा ठेकेदार कंपनियों द्वारा कर्मचारियों से लूट की जा रही है। 25 जुलाई को डायरेक्टर वितरण ने पत्र जारी किया था कि अफसरों/जेई के पास लगने वाली हाजिरी सुपरवाइजरों के पास लगाई जाए परंतु यूनियन ने इस पत्र का विरोध करते कहा कि इसे लागू नहीं होने दिया जाएगा। शांतिपूर्वक तरीके से धरना देने आ रहे कर्मचारियों पर कैबिनेट मंत्री अनमोल गगनमान के दफ्तर के सामने पुलिस प्रशासन ने कर्मचारियों पर बल प्रयोग किया। उन्हें चार घंटे तक बंदी बना कर रखा। इस अवसर पर राज्य प्रधान बलिहार सिंह, राज्य जनरल सचिव राजेश कुमार, राज्य दफ्तर सचिव शेर सिंह, राज्य सीनियर उप प्रधान टेक चंद, राज्य वित्त सचिव चमकौर सिंह, राज्य सह-सचिव अजय कुमार, मेंबर मनिंदर सिंह, प्रेस सचिव इंदरप्रीत सिंह आदि भी उपस्थित थे।
खानपुर के पास पुलिस ने रोका तो वहीं धरना किया शुरूटोल प्लाजा से बड़ी संख्या में परिवारों व बच्चों समेत कर्मचारियों की ओर से कैबिनेट मंत्री अनमोल गगनमान के दफ्तर की ओर मार्च किया गया। इस दौरान जहां पुलिस प्रशासन ने खानपुर के पास उन्हें रोक लिया। रोष में आकर बिजली कर्मचारी काफी देर तक यहीं धरने पर बैठ गए। इसके बाद वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा की ओर से फोन पर बातचीत करने व हरभजन सिंह ईटीओ बिजली मंत्री के साथ 17 अगस्त को चंडीगढ़ में बैठक करवाने का समय तय हुआ। वहीं, पुलिस की ओर से बंदी बनाकर रखे गए कर्मचारियों को रिहा करवाया गया। 17 अगस्त को बैठक में मांगों संबंधी कोई हल न होने की सूरत में यूनियन की ओर से 12 सितंबर को संघर्ष तेज किया जाएगा। वहीं, ठेका कर्मचारियों की ओर से नेशनल छुट्टी भरकर ठेका कर्मचारी संघर्ष मोर्चा पंजाब के बैनर तले 15 अगस्त को झंडा लहराने के अवसर पर प्रदर्शन करने का एलान किया गया।
फोटो कैप्शन- लुधियाना-खरड़ सड़क पर परिवारों समेत यातायात जाम करके प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी। संवाद