चुनाव आयोग ने घोषित किया कार्यक्रम
चंडीगढ़। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने पांच वार्डों के लिए उपचुनाव की घोषणा की। आयोग के मुताबिक जिन वार्डों में चुनाव होने हैं, उनमें गुरुग्राम के सोहना नगर परिषद के वार्ड नंबर 15, कैथल नगर परिषद के वार्ड नंबर एक, महेन्द्रगढ़ के नारनौल नगर परिषद के वार्ड नंबर 16, जिला कैथल के राज़ौद नगर पालिका के वार्ड नंबर पांच और रेवाड़ी के बावल नगरपालिका का वार्ड नंबर 11 शामिल है। नगर पालिकाओं के जिन क्षेत्रों में मतदान होना है, वहां 12 अक्तूबर, 2023 से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। नामांकन पत्र 20 से 26 अक्तूबर तक भरे जाएंगे। मतदान पांच नवंबर को होगा। नाम वापसी लेने की अंतिम तारीख 28 अक्तूबर होगी। मतगणना पूरी होने के तुरंत बाद परिणाम घोषित होगा। आयोग ने मुख्य सचिव से नगर पालिकाओं के अधिकार क्षेत्र में पांच नवंबर मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आग्रह किया है। श्रम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने वोट डालने के लिए नगर पालिकाओं के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी कारखानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक उपक्रमों, व्यापार, दुकानों आदि में अवकाश घोषित करने का भी अनुरोध किया, ताकि स्थित कारखानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, दुकानों आदि के श्रमिक अपना वोट डाल सके।