फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: चुनाव सिर पर, सड़कें बदहाल, निगम सदन में पार्षदों का संग्राम

विज्ञापन
विज्ञापन
मेयर के आसन के सामने कांग्रेस-आप का हंगामा, बैनर लेकर पहुंचे पार्षदों ने पूछा—हमारे वार्ड की सड़कें कब बनेंगी?
विज्ञापन

ठेकेदारों की मनमानी पर भाजपा पार्षद ने भी उठाए सवाल, गंदे पानी से बीमार हो रहे लोग
छह महीने से स्ट्रीट लाइटें बंद, सुनवाई नहीं होने पर रामचंद्र यादव ने सदन में फेंकी एजेंडा कॉपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर में सड़कें टूटी पड़ी हैं, गंदा पानी लोगों को बीमार कर रहा है और छह महीने से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। नगर निगम चुनाव नजदीक हैं लेकिन वार्डों में विकास कार्यों की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं। बुधवार को नगर निगम सदन में इन्हीं मुद्दों पर पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद बैनर लेकर वेल में पहुंच गए और मेयर सौरभ जोशी के आसन के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। सवाल सीधा था-हमारे वार्ड की सड़कें कब रीकार्पेट होंगी? क्या चुनाव आने तक लोग गड्ढों में ही चलेंगे? हंगामे के बीच मेयर ने अधिकारियों से अलग-अलग वार्डों में सड़कें बनाने की तारीखें तय करवाईं।
ठेकेदार मशीनरी लेकर भागे, वार्डों में सड़कें अधूरी
बैठक शुरू होने से पहले ही कांग्रेस पार्षद तरुणा मेहता वेल में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके वार्ड की सड़कों की रीकार्पेटिंग कब होगी, जबकि ठेकेदार काम बीच में छोड़कर दूसरी वार्ड में चला गया। राष्ट्रीय गीत शुरू होने पर वह उठीं, लेकिन कुछ देर बाद दूसरे कांग्रेसी पार्षद भी वहां पहुंच गए। आप पार्षदों ने भी उनका साथ दिया।
विज्ञापन

आप पार्षद अंजू कत्याल ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड के सेक्टर-33 में रीकार्पेटिंग का काम चल रहा था, लेकिन ठेकेदार मशीनरी लेकर भाजपा पार्षद के वार्ड में चला गया। चुनाव नजदीक हैं और उनके क्षेत्र की सड़कें टूटी पड़ी हैं। इस पर एक्सईएन अनुराग बिशनौई ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक और दो की सड़कों पर काम पूरा करने में एक सप्ताह लगेगा। इसके बाद रीकार्पेटिंग करवाई जा सकेगी।
आप पार्षद योगेश ढींगरा ने कहा कि रोड गलियां टूटी हैं, सड़कें बदहाल हैं और पेवर ब्लॉक लगाने का काम अधर में लटका है। न्होंने कहा कि चुनाव में डेढ़ महीने का समय रह गया है। अधिकारी बताएं कि काम कब पूरा होगा। कांग्रेस पार्षद मुनवर खान ने भी ठेकेदार के मशीनरी दूसरी वार्ड में ले जाने का मुद्दा उठाया। एक्सईएन अजय गर्ग ने बताया कि मशीनरी सेक्टर-26 में वीवीआईपी रूट की सड़कों की रीकार्पेटिंग में लगी है। वार्ड-29 में एक सप्ताह बाद सड़क का काम करवाया जाएगा। कांग्रेस पार्षद सचिन गालव ने कहा कि सेक्टर-11 की सड़कों की रीकार्पेटिंग नहीं हुई, जबकि आसपास की सड़कों पर काम चल रहा है।
सड़कें टूटने लगीं, ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
भाजपा पार्षद दिलीप शर्मा ने कहा कि रीकार्पेटिंग के बाद छह महीने से अधिक समय बीतने पर भी कर्ब चैनल नहीं बदले गए। अब सड़कें भी टूटने लगी हैं। उन्होंने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा को सभी ठेकेदारों की फाइलें लाने और काम नहीं करने वालों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गंदा पानी पीकर बीमार हो रहे लोग, दो वार्डों की जांच के आदेश
वार्ड-29 के पार्षद मुनवर खान ने कहा कि सेक्टर-56 में पीने के पानी में गंदा पानी मिलकर आ रहा है। एक महीने पहले नई पाइपलाइन बिछाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ और न ही पानी के सैंपल जांचे गए। वार्ड-25 के पार्षद योगेश ढींगरा ने भी गंदे पानी की शिकायत उठाई। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने एक्सईएन अमित शर्मा को दोनों वार्डों में पानी के सैंपल जांचने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
छह महीने से अंधेरे में सेक्टर-35, सेक्टर-25 को दिवाली तक राहत
कांग्रेस पार्षद प्रेम लता ने कहा कि सेक्टर-35 में होटल जेडब्ल्यू मैरियट से किसान भवन तक छह महीने से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। वी-5 और वी-4 रोड पर पोल के बेस टूटे हैं। उन्होंने दो जेई की आपसी लड़ाई को अंधेरे की वजह बताया। चीफ इंजीनियर के हस्तक्षेप पर सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर ने दिवाली के बाद लाइटें चालू करने का भरोसा दिया। वार्ड-16 की पार्षद पूनम ने सेक्टर-25 में पोल लगने के बावजूद एलईडी बल्ब नहीं लगने का मुद्दा उठाया। निगम कमिश्नर ने दिवाली से पहले लाइटें चालू करने के निर्देश दिए।
दो घंटे इंतजार, फिर सदन में फेंकी एजेंडा कॉपी
वार्ड-15 के पार्षद रामचंद्र यादव अपनी बात रखने के लिए बैनर लेकर इंतजार करते रहे। उस समय सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह मेयर की कुर्सी पर बैठे थे। उन्होंने यादव से वार्ड बताने को कहा। बाद में दूसरे पार्षद खड़े हो गए और यादव को इंतजार करने के लिए कहा गया। नाराज यादव ने एजेंडा कॉपी सदन में फेंकी और वॉकआउट कर गए। उन्होंने कहा कि दो घंटे इंतजार के बाद भी उन्हें बोलने का समय नहीं दिया गया।
नगर निगम सदन में प्रमुख मंजूरियां
1. मनीमाजरा सब ऑफिस में फायर सेफ्टी: फायर सेफ्टी उपकरण लगाने और फायर एनओसी लेने के लिए 62.80 लाख रुपये का एजेंडा मंजूर। पहले हाईटेंशन बिजली कनेक्शन लिया जाएगा।
2. रोज फेस्टिवल: फरवरी के तीसरे सप्ताह में होने वाले तीन दिवसीय रोज फेस्टिवल के लिए 1 करोड़ 32 लाख 65 हजार रुपये का एजेंडा मंजूर।
3. सफाई कर्मचारियों को गुड़, तेल और साबुन: एमओएच विंग के 3692 क्लास-थ्री और क्लास-फोर कर्मचारियों को सालभर के लिए सरसों का तेल, डिटोल साबुन और गुड़ देने का प्रस्ताव मंजूर। पार्षदों ने सीवरमैन को भी इसमें शामिल करने की मांग की।
4. सफाई कर्मचारियों का वेतन: दक्षिणी सेक्टरों में सफाई करने वाली लायन सर्विस को कर्मचारियों का वेतन हर महीने सात तारीख तक देना होगा। टेंडर की क्लॉज 2.3(पी) के तहत अगले महीने से व्यवस्था लागू होगी।
विज्ञापन

5. फ्लोर वाइज प्रॉपर्टी टैक्स: रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की अलग-अलग मंजिलों के मालिक अपने हिस्से का टैक्स अलग जमा कर सकेंगे। बकाया रखने वाले अन्य मालिकों पर कार्रवाई होगी। कमर्शियल और इंडस्ट्रियल प्रॉपर्टी के टैक्स की मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें