चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर मंगलवार तक 26.82 करोड़ रुपये की अवैध शराब, मादक पदार्थ, नकद राशि व कीमती वस्तुएं जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई 16 अगस्त से 17 सितंबर तक हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियां भी कड़ी निगरानी रख रही है। उन्होंने बताया कि 4.73 करोड़ रुपये नकद, 9.82 करोड़ रुपये की 3,26,017 लीटर से अधिक अवैध शराब पकड़ी गई है। इसमें हरियाणा पुलिस ने 7.80 करोड़ रुपये की, आबकारी विभाग ने 1.96 करोड़ की और अन्य एजेंसियों ने चार लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी है। साथ ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और पुलिस ने कुल 6.76 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ पकड़ा है। वहीं, 3.10 करोड़ रुपये के सोना, चांदी व अन्य धातु और 2.41 करोड़ रुपये का अन्य सामान पकड़ा गया हैं। राज्य पुलिस ने 1.15 करोड़ रुपये का 9,591 अन्य कीमती सामान बरामद किया है।