मुख्य सचिव ने बताया- 200 कंपनियों की मांग की थी, 15 कंपनियां आ चुकीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने सोमवार को हरियाणा का दौरा किया और चुनाव प्रबंधों को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद के साथ बैठक की। मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से हरियाणा ने भारत निर्वाचन आयोग से केंद्रीय सुरक्षा बलों की 200 कंपनियों की मांग की है, जिसमें 15 कंपनियां आ चुकी हैं। प्रदेश में 19810 पोलिंग केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, सभी पोलिंग केंद्रों का सम्बंधित जिला निर्वाचन अधिकारी दौरा कर चुके हैं। बैठक में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने भारत निर्वाचन आयोग की टीम को बताया कि प्रदेश में दिव्यांगजन व 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्हें घर से मतदान केंद्र तक लाने व छोडने के लिए सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा, मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में शत प्रतिशत फोटो युक्त पहचान पत्र बनाए जा चुके हैं। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त हिरदेश कुमार, उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू व सचिव सौम्याजीत घोष मौजूद रहे। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, वित विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, स्कूल शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।