चंडीगढ़। साइबर सेल ने एक ऐसे आठवीं फेल युवक को गिरफ्तार किया है, जो दूसरों का फेसबुक अकाउंट हैक कर लेता था। इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब युवक ने मनीमाजरा निवासी एक युवती का फेसबुक अकाउंट हैक करके उसके दोस्तों को मैसेज भेजना शुरू कर दिए। इतना ही नहीं युवती अपने अकाउंट का इस्तेमाल न कर सके, इसके लिए उसने फेसबुक का पासवर्ड समेत मोबाइल नंबर भी बदल दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। आरोपी की पहचान फरीदकोट निवासी अजय प्रीत के रूप में हुई है। बीते 12 दिसंबर को मनीमाजरा निवासी युवती ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि उसका फेसबुक अकाउंट किसी ने हैक कर लिया है। युवती ने बताया कि न तो उसने अपना फेसबुक अकाउंट अपडेट किया है और न ही कोई मैसेज भेजा है। फिर भी मैसेज उसके दोस्तों के पास फारवर्ड हुआ है। उसकी शिकायत पर केस को साइबर सेल में सौंप दिया गया। साइबर सेल ने जब फेसबुक अकाउंट ऑपरेट किए जा रहे सिस्टम के आइपी एड्रेस समेत अन्य जानकारियां निकाली तो पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। साइबर सेल की टीम ने मामले में पंजाब के फरीदकोट जिला निवासी अजय प्रीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ मेें सामने आया कि आरोपी आठवीं फेल है। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।