चंडीगढ़। कोहरे और कम रोशनी के कारण मंगलवार को शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट चंडीगढ़ से उड़ान भरने वाली चार फ्लाइटें रद्द रहीं जबकि 12 फ्लाइटें अपने निर्धारित समय से 3-4 घंटे की देरी से उड़ीं। एयरपोर्ट के सीईओ राकेश रंजन सहाय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय दृश्यता कम रहती है जिसके चलते उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। मंगलवार को जो फ्लाइटें रद्द रहीं उनमें 6ई2452 चंडीगढ़-अहमदाबाद, 6ई6633/6634 चंडीगढ़-बैंगलोर, 9आई713/714 चंडीगढ़-धर्मशाला और 6ई 6552/6052 चंडीगढ-दिल्ली शामिल हैं। वहीं, मुंबई, हैदराबाद, श्रीनगर और लखनऊ जाने वाली फ्लाइटें 2-2 घंटे की देरी से रवाना हुईं। इसके अलावा दिल्ली, पुणे, कुल्लू और मुंबई की फ्लाइट 4-4 घंटे की देरी से उड़ीं। वहीं, लेह, बंगलूरू, दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद की फ्लाइटें डेढ़ घंटे की देरी से उड़ीं।