चंडीगढ़। शिक्षा विभाग ने मंगलवार को सभी सरकारी स्कूलों के हेड/प्रिंसिपल को पत्र लिखा। इसमें स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे परिजनों से बातचीत करके पूछें कि स्कूल खोलने का उचित समय क्या रहेगा। इसके लिए विभाग ने परिजनों को तीन ऑप्शन दिए हैं- अगस्त, सितंबर या अक्तूबर। स्कूलों को 30 जुलाई तक परिजनों से सुझाव लेकर विभाग को डाटा सौंपना है।
मानव संसाधन मंत्रालय (एमएचआरडी) के निर्देश के बाद डीईओ ऑफिस ने सभी स्कूलों को मंगलवार को पत्र भेजा है। परिजनों से स्कूल खोलने के लिए उचित तीनों महीनों अगस्त, सितंबर या अक्तूबर में से एक चुनने को कहा गया है। इसके साथ ही पूछा गया है कि परिजन स्कूलों से क्या उम्मीदें रखते हैं। वहीं अगर परिजन स्कूलों को कोई सुझाव देना चाहते हैं तो स्कूल उसका भी डाटा तैयार कर विभाग को सौंपेंगे।
31 जुलाई तक स्कूल बंद रखने के हैं निर्देश
जानकारी के अनुसार कोरोना के कारण मार्च से शहर के सभी स्कूल बंद हैं। एमएचआरडी ने अभी तक 31 जुलाई तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। 31 जुलाई के बाद स्कूल खोलने के लिए बच्चों के परिजनों से सुझाव मांगे हैं। पेरेंट्स की राय के अनुसार ही आगे का फैसला लिया जाएगा।