चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी कर्मियों का शिक्षा भत्ता 25 फीसदी तक बढ़ाया गया है। अब बाल शिक्षा भत्ते के रूप में हर महीने 2812.5 रुपये और छात्रावास के लिए 8437.5 रुपये मासिक दिए जाएंगे। इसी तरह दिव्यांग बच्चों के लिए हर महीने 5625 रुपये का शिक्षा भत्ता और दिव्यांग महिला कर्मचारियों को बच्चों की देखभाल के लिए 3750 रुपये मिलेंगे। बढ़ा हुआ बाल शिक्षा भत्ता एक जनवरी 2024 से मिलेगा। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने पत्र जारी किया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी नियमों के मुताबिक संशोधित वेतन संरचना पर महंगाई भत्ते में 50 प्रतिशत की वृद्धि होने पर बाल शिक्षा भत्ते और छात्रावास सब्सिडी की सीमा स्वचालित रूप से 25 प्रतिशत बढ़ जाती है। 7वें वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मियों का महंगाई भत्ता एक जनवरी 2024 से 50 प्रतिशत के पार हो चुका है। इसके बाद से ही विभिन्न विभागों की ओर से बाल शिक्षा भत्ते में बढ़ोतरी को लेकर कार्मिक विभाग से मार्गदर्शन मांगा जा रहा था।