चंडीगढ़। डड्डूमाजरा में वीरवार शाम पूर्व मेयर राजेश कालिया की माता से कान की बालियां झपटने का मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई, जब वह अपने घर के बाहर टहल रही थीं। पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक उनके कानों से बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, पूर्व मेयर राजेश कालिया की माता वीरवार शाम घर के बाहर टहल रही थीं। कुछ देर बाद वह वापस अपने घर की ओर मुड़ीं। इसी दौरान पीछे से एक व्यक्ति तेजी से उनके पास पहुंचा और झपट्टा मारकर कान की बालियां निकाल लीं। अचानक हुई घटना से वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया।
वारदात के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। मामले की शिकायत मलोया थाना पुलिस को दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। फुटेज के आधार पर आरोपी के हुलिए और उसके भागने की दिशा की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जाएंगे।