फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन में आमदनी घटी, मकान मालिक न लें पूरा किराया : बदनौर

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सोमवार को कहा कि लॉकडाउन की वजह से लोगों की आमदनी कम हो गई है। फिर से मजदूरों का पलायन न हो इसलिए मकान मालिकों को किराया कम कर देना चाहिए ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके। हालांकि अब यह देखना होगा कि प्रशासक की अपील का कितना असर होता है, क्योंकि पिछले साल भी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने अपील की थी लेकिन किसी मकान मालिक ने किराएदारों को कोई राहत नहीं दी थी।
विज्ञापन

प्रशासक वीपी सिंह बदनौर और अधिकारियों के साथ हुई बैठक में निजी अस्पतालों में कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए वसूली जा रही मोटी रकम और चार अस्पतालों के खिलाफ आई शिकायतों का भी मामला उठा। हालांकि बैठक के बाद यह नहीं बताया गया कि प्रशासन ऐसे अस्पतालों पर क्या कार्रवाई करेगा, लेकिन यह जरूर कहा गया कि स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए दाम तय करेगा। नए दामों को मीडिया में भी दिया जाएगा और निजी अस्पतालों के नोटिस बोर्ड पर भी लगाया जाएगा।
बीते दिनों शहर के सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई की पूरी चेन की जांच की गई थी, जिस पर प्रशासक ने संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि जीएमसीएच-32 व जीएमएसएच-16 में जो ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं, उन पर खासतौर पर ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की कोई घटना न हो। प्रशासक ने बैठक में वेस्टर्न कमांड, विभिन्न एनजीओ, चैरिटेबल संस्थाएं आदि का धन्यवाद किया, जिन्होंने आगे आकर शहर में मिनी कोविड केयर सेंटर की स्थापना की है। उन्होंने अन्य संस्थाओं से आग्रह किया कि वह आगे आकर लोगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करें ताकि शहर के सरकारी अस्पतालों से कुछ बोझ कम हो सके। बदनौर ने कहा कि निजी क्षेत्र के लोगों की मदद से कोरोना की जंग को जल्दी जीता जा सकता है।
विज्ञापन

आईसीयू के 80 फीसदी मरीज वेंटिलेटर पर, कारण- स्टेरॉयड का ज्यादा इस्तेमाल
बैठक में पीजीआई कोविड प्रबंधन के चेयरमैन डॉ. जीडी पुरी ने बताया कि पीजीआई में अधिकतर वह मरीज आ रहे हैं, जिनकी स्थिति काफी गंभीर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आईसीयू में जितने भी मरीज भर्ती हैं, उनमें से 80 फीसदी मरीज वेंटिलेटर पर है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे का बड़ा कारण कम उम्र में स्टेरॉयड का ज्यादा इस्तेमाल करना हो सकता है। बैठक में पीजीआई के निदेशक प्रो. जगतराम भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन ब्लॉक में कोरोना के 368 गंभीर मरीज भर्ती हैं। इनमें से 95 चंडीगढ़, 140 पंजाब, 62 हरियाणा, 27 हिमाचल प्रदेश और 44 अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं। बताया कि बीते दिनों 8,610 कोरोना के नमूने एकत्रित किए गए, जिसमें से 2076 पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमण दर करीब 24 फीसदी है।
जीएमसीएच-32 में आईसीयू के सभी बेड फुल
बैठक में जीएमसीएच-32 की निदेशक डॉ. जसबिंदर कौर ने बताया कि उनके अस्पताल में कोविड के करीब 426 मरीज भर्ती हैं और फिलहाल आईसीयू के सभी बेड भर चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने कहा कि उन्होंने बीते दिनों में 23,957 कोरोना के नमूनों की जांच की, जिसमें से 5160 पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमण दर करीब 21.5 फीसदी है। कंग ने बताया कि शहर में अब करीब 60 दिन के बाद कोरोना के मामले दोगुने हो रहे हैं। बैठक में पंचकूला, मोहाली और चंडीगढ़ के डीसी भी उपस्थित रहे। बताया गया कि पंचकूला में कोरोना के 2,414, मोहाली में 8,717 और चंडीगढ़ में 7,644 सक्रिय मामले हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें