सेक्टर-29 पार्ट-टू स्थित एक एक्सपोर्ट हाउस की डाइंग मशीन फटने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि सात लोग झुलस गए। इनमें से एक ही हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद एक्सपोर्ट हाउस में भगदड़ मच गई। पांच घायलों को पीजीआई रोहतक में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने दो शवों को शव गृह में रखवा दिया है। एक्सपोर्ट हाउस संचालक ने पीड़ित परिवार और घायलों की हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
हादसा थाना चांदनी बाग के अंतर्गत सेक्टर-29 पार्ट टू स्थित आनंद इंटरनेशनल में शुक्रवार दोपहर बाद हुआ। यहां पर पॉलिस्टर यार्न डाइंग मशीन धमाके के साथ फट गई और इसके साथ ही फैक्टरी की छत उड़ गई।
फैक्टरी में धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई और श्रमिक अपनी जान बचाने को इधर-उधर दौड़ पड़े। इस हादसे में 2 कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 अऩ्य झुलस गए।
फैक्टरी श्रमिकों और अधिकारियों ने घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। पांच लोगों की गंभीर हालत देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।