अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी के मामले में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने तीखी प्रतिक्रिया दी और साथ ही विपक्ष पर हमला बोला है। मंत्री चीमा ने भाजपा-अकाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि जब पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा गठबंधन की सरकार थी, तब इन्होंने राज में सरहद से पार से नशा आना शुरू हुआ, जिसकी जरिये पंजाब की जवानी खराब की गई। विदेश से नशा मंगवाकर पंजाब के युवाओं को मौत के मुंह में धकेल दिया गया। अब जब नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, तो विपक्षी दल उनके बचाव में सामने आ रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि इन सभी ने मिलकर पंजाब को लूटा है।
चीमा ने कहा कि पंजाब विधानसभा की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस ने कई बार बिक्रम मजीठिया पर गंभीर आरोप लगए थे। एक बार नहीं हजार बार कांग्रेस विधायकों ने बिक्रम मजीठिया के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। अब जब सरकार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तो विरोधी दल एक हो गए हैं और इनके बचाव में आ गए हैं। ये सभी लोग मजीठिया को बचाने के लिए एकजुट हो गए हैं। चीमा ने कहा कि बिक्रम मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पूर्व उप निदेशक निरंजन सिंह सहयोग करने के लिए बुलाया है। निरंजन सिंह मजीठिया के खिलाफ सबूत दे रहे हैं कि कैसे इन्होंने पंजाब का लूटा हुआ पैसा बाहर के राज्यों में लगाया और कैसे शेल कंपनी बनाई।