अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लोकसभा आम चुनाव के दौरान हरियाणा में अवैध शराब और मादक पदार्थों पर विभिन्न एजेंसियां कड़ी नजर रख रही हैं। हरियाणा में अब तक 14 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध शराब, नशा और नकदी पकड़ी जा चुकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि राज्य में साढ़े 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध शराब व मादक पदार्थ और 3.62 करोड़ रुपये नकदी जब्त की जा चुकी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने 40.22 लाख रुपये नकद, 225.57 लाख रुपये की कीमत की 70,671.54 लीटर शराब, 514.48 लाख रुपये की कीमत का मादक पदार्थ, प्रलोभन व अन्य वस्तुएं, जिनकी कीमत 56.81 लाख रुपये बरामद की है। वहीं, आयकर विभाग ने 42 लाख रुपये नकद, 173 लाख रुपये से अधिक का 2967.88 ग्राम कीमती सामान और 42.19 लाख रुपये की अन्य वस्तुओं को जब्त किया है। आबकारी विभाग ने ढाई लाख रुपये नकद, 40 लाख रुपये की 1 लाख 1036 लीटर शराब जब्त की गई है। इसके अलावा, डीआरआई ने 2 करोड़ 78 लाख रुपये की नकदी जब्त की है।