चंडीगढ़। अपराध शाखा की टीम ने एक नशा तस्कर को 30 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी धीरज शर्मा उर्फ सन्नी बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर भुप्पी राणा से संपर्क में था। बीते 7 दिसंबर को पुलिस पार्टी अपराध को रोकने के लिए मलोया थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ईडब्ल्यूएस कॉलोनी मलोया के पास संदिग्ध दिखा जिसे पुलिस ने शक के आधार पर रोक कर पूछताछ की। उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस मुख्य सप्लायर की तलाश में है।
आरोपी गांव डड्डूमाजरा का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकार्ड है और पहले चार आपराधिक मामलों में पकड़ा जा चुका है। इनमें से दो मामले एनडीपीएस और एक ट्रेसपासिंग एवं अन्य दंगे करने का था। सेक्टर- 34 और सेक्टर- 39 थाने में यह मामले दर्ज हुए थे। पुलिस का कहना है कि धीरज गैंगस्टर भूप्पी राणा के साथियों को भी जानता था। उसने बरामद नशा अमृतसर के राजा झांसी नामक आरोपी से खरीदा था। वह कम दाम में नशा खरीद ट्राइसिटी में महंगे दाम में बेचने के लिए आया था। पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर उससे पूछताछ में जुटी है।