चंडीगढ़। क्राइम सेल ने शनिवार रात मलोया से एक युवक को गिरफ्तार कर उससे 10.25 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी की पहचान प्रेम गुप्ता उर्फ गंजा निवासी डड्डूमाजरा कॉलोनी, सेक्टर-38 वेस्ट के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ मलोया थाने में 21-एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पर पहले भी नशा तस्करी व अन्य मामले दर्ज हैं।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक नशे की तस्करी करता है और वह नशीला पदार्थ लेकर कहीं जा रहा है। सूचना पाते ही पुलिस ने सेक्टर-38 वेस्ट के टैक्सी स्टैंड के पास नाका लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक आते दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उससे 10.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।