चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट क्षेत्र के पास से पुलिस ने एक व्यक्ति को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक किलो भुक्की बरामद किया है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने डड्डूमाजरा निवासी परमजीत सिंह (26) के खिलाफ मामला दर्ज कर बुधवार उसे जिला अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सेक्टर-26 थाना पुलिस मंगलवार को एरिया में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम सेक्टर 26 स्थित ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में पहुंची तो एक व्यक्ति वहां से गुजर रहा था। इसके हाथ में एक बड़ा लिफाफा था। पुलिस ने जब व्यक्ति को रोककर लिफाफे की तलाशी ली तो उसमें से एक किलो भुक्की बरामद हुआ। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम परमजीत सिंह बताया। इसके बाद टीम आरोपी को पकड़कर थाने ले गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे को कम दामों में खरीदकर ज्यादा दामों में बेच दिया करता था।