नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर, पटियाला के सहयोग से पंजाब आर्ट काउंसिल और थिएटर फॉर थिएटर नौवां टीएफ टी विंटर नेशनल थिएटर फेस्टीवल मना रहा है।
इसकी शुरुआत रविवार से हुई। यह फेस्टिवल सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन में 25 जनवरी तक चलेगा।
रविवार शाम को नाटक ‘मियां जी की जुती, मियां के सिर’ का मंचन किया गया। यह एक ऐसे बूढ़े व्यक्ति के प्यार के बारे में है जो अपनी जिंदगी के आखिरी दिन गिन रहा है।
मिजार कुरैशी अपने पैसों के दम पर अपने से आधी उम्र की युवती से शादी कर लेता है। मिजार के इलाके में एक युवक रहने आता है। धीरे-धीरे मिजार की युवा पत्नी और युवक एक दूसरे से प्यार करने लग जाते हैं।
मिजार की नौकरानी बूढ़े आदमी को बिना बताए उनके प्यार को पूरा करने के लिए दोनों की मदद करती है। मिजार अंत में उन दोनों के प्यार को स्वीकार कर लेता है। इस नाटक के निर्देशक शरद शर्मा हैं।