चंडीगढ़। ऑनलाइन पढ़ाई में लगे शिक्षकों को अब कुछ राहत मिली है। उन्होंने अपने विभागों में जाकर शिक्षण सामग्री ली है। उसके बाद शिक्षकों ने ऑनलाइन कक्षाएं लगानी शुरू की दी हैं। इस शिक्षण सामग्री के जरिये विद्यार्थियों को भी लाभ मिला है।
पीयू में लॉकडाउन के कारण शिक्षकों का विभागों में जाना बंद था। इसी बीच यूजीसी के आदेश आने के बाद पीयू ने ऑनलाइन पढ़ाई करवाने के आदेश शिक्षकों को जारी किए। तमाम शिक्षकों के पास घरों पर शिक्षण सामग्री तक नहीं थी। सबसे जरूरी ऑनलाइन जुड़ने के लिए लैपटॉप, नेट की व्यवस्था आदि नहीं थी। जब शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाई शुरू नहीं करवा पा रहे थे तो विद्यार्थियों को भी चिंता सताने लगी। उन्होंने पीयू के अधिकारियों के पास फोन करना शुरू कर दिया कि उनकी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। इसके बाद पीयू प्रशासन पर दबाव बना और शिक्षकों ने भी कुछ देर की विभागों में जाने के लिए अनुमति मांगी। इस पर पीयू ने अनुमति दी। विभाग में 15 मिनट में शिक्षण सामग्री लाने के आदेश जारी कर दिए गए। बुधवार व वीरवार को कई शिक्षक अपने विभागों में पहुंचे और उन्होंने लैपटॉप से लेकर कई चीजें अपने साथ लीं और फिर घर आकर ऑनलाइन शिक्षक कार्य शुरू कर दी है। बताया जाता है कि पीयू के अधिकांश शिक्षक अब ऑनलाइन कक्षाएं लेने लगे हैं।