नाभा ब्लॉक के गांव मैहस में शनिवार को 10 साल के बच्चे को लावारिस कुत्तों ने नोंच कर मार डाला। बच्चा अपने दोस्तों के साथ पतंग लूटने के लिए खेत में गया था। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लावारिस कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव मैहस में भट्ठा मजदूर का 10 साल का लड़का धीरज कुमार शनिवार को अपने चार दोस्तों के साथ पतंग लूटने के लिए भागते-भागते खेतों में पहुंच गया। वहां पर कुत्तों ने उसे दबोच लिया। धीरज के दोस्त किसी तरह से वहां से बचकर निकल भागे और सारी बात धीरज के परिवार वालों को बताई।
जब तक बच्चे के परिवार वाले गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचते, कुत्तों ने धीरज को पूरी तरह नोंच खाया था। गांव के सरपंच दविंदर सिंह ने बताया कि पिछले साल भी एक भट्ठा मजदूर के बच्चे को आवारा कुत्तों ने नोंच कर मारा डाला था। प्रशासन को इस बारे में कोई ठोस कदम उठाना चाहिए।